top header advertisement
Home - जरा हटके << युवा इंजीनियर में सड़कों पर बनाये कम लागत में थ्री डी स्पीड ब्रेकर

युवा इंजीनियर में सड़कों पर बनाये कम लागत में थ्री डी स्पीड ब्रेकर



खरगोन। युवा इंजीनियर ने यूरोप की सड़कों पर बने थ्री डी स्पीड ब्रेकर का वीडियो देखकर शहर की सड़कों पर भी इन्हें उकेर दिया। आर्किटेक्चर के सिद्धंतों के अनुरूप बनाए गए थ्री डी स्पीड ब्रेकर बहुत कम समय, कम लागत में बनने वाला तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं।

इंजीनियर दीपक यादव ने शहर के गायत्री मंदिर तिराहे पर इस तरह का स्पीड ब्रेकर बनाकर लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि थ्री डी स्पीड ब्रेकर एक नवाचार है जो नगर को स्मार्ट शहर में तब्दील करने का बेहतर विकल्प है। शहर में जहां भी जेब्रा क्रॉसिंग हैं, हम उन्हें थ्रीडी स्पीड ब्रेकर में परिवर्तित कर सकते हैं। ये जेब्रा क्रॉसिंग के साथ-साथ स्पीड ब्रेकर का भी काम करेगा।

शहर के गोकुलधाम कॉलोनी में रहने वाले दीपक यादव इंदौर के निजी कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने थ्री डी स्पीड ब्रेकर बनाने की शुरुआत कॉलेज कैम्पस से ही की थी। इसके बाद नगर निगम इंदौर ने भी यादव से कुछ स्थानों पर थ्री डी स्पीड ब्रेकर बनवाए।

यादव ने बताया कि उन्होंने 9 मई की रात 2 बजे थ्री डी स्पीड ब्रेकर का निर्माण करना शुरू किया। करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद इसे तैयार कर दिया। इस पर उन्हें 1 हजार रुपए खर्च आया। नपा अधिकारियों ने बताया कि फायबर, धातु और डामर से बनने वाले स्पीड ब्रेकर निर्माण में करीब 20 हजार रुपए का खर्च आता है।

यादव ने बताया कि डामर या अन्य सामग्री से बनने वाले स्पीड ब्रेकर बनाने में ज्यादा वक्त, लागत और मटेरियल लगता है। इन्हें सड़क निर्माण के दौरान ही बनाना संभव है ये वाहनों की क्षति और कई बार हादसों के लिए भी सर्वाधिक जिम्मेदार होते हैं। वहीं थ्री डी स्पीड ब्रेकर समतल सतह पर बनाई हुई उभरी हुई रचना का भ्रम पैदा करती है, जिससे वाहन चालक रुकने को विवश होगा।

प्रयोग के बाद अन्य मार्ग पर भी बनेंगे

नगर पालिका के स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते ने बताया कि गायत्री मंदिर तिराहे पर प्रयोग के तौर पर थ्री डी स्पीड ब्रेकर बनवाया गया है। प्रयोग सफल रहा तो शहर के अन्य मार्गों पर भी इसी प्रकार के स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएंगे।

थ्रीडी स्पीड ब्रेकर के फायदे

*25 फीट दूर से ही वाहन चालक को दिखाई देगा स्पीड ब्रेकर

*स्पीड ब्रेकरों के कारण लगने वाले झटकों से मिलेगी मुक्ति

*आकर्षक दिखाई देगी शहर की सड़कें

*स्पीड ब्रेकर के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश

*वाहनों को स्पीड ब्रेकर के कारण नहीं पहुंचेगा नुकसान।

Leave a reply