top header advertisement
Home - उज्जैन << भगवान परशुराम जयंती पर निकलेगी शोभायात्रा

भगवान परशुराम जयंती पर निकलेगी शोभायात्रा


भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर शुक्रवार को श्री परशुराम ब्राह्मण संगठन की ओर से श्री परशुराम दर्शन यात्रा सुबह 9:30 बजे बाबा महाकाल के प्रांगण से प्रारंभ होगी। यात्रा के दौरान समाज जन मतदान करने का संदेश भी देंगे। वहीं, शाम को महाकाल मंदिर से ब्राह्मण समाज शोभायात्रा निकलेगी, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।

श्री परशुराम ब्राह्मण संगठन के संस्थापक अध्यक्ष पं. राजेश त्रिवेदी व अध्यक्ष पं. गिरीश पाठक ने बताया कि सुबह 9 बजे बाबा महाकाल व श्री परशुराम का पूजन किया जाएगा। इसके बाद 9:30 बजे महाआरती के पश्चात यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा गुदरी बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा, कंठाल, दौलतगंज, मालीपुरा, चामुंडा माता होते हुए टावर पर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान मतदाताओं से मतदान की अपील भी की जाएगी।

यात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र तो पुरुष श्वेत वस्त्र में सम्मिलित होंगे। 1,111 केसरिया ध्वज के साथ परशुराम जी के शस्त्र फरसा लिए हुए ब्राह्मण जन सम्मिलित होंगे। ब्रह्म श्रृंखला में परिवार समेत मतदान करने और कराने के साथ देश, प्रदेश व शहर की एकता उन्नति के लिए शपथ लेंगे।

चल समारोह में मुख्यमंत्री शामिल होंगे

बैशाख शुक्ल अक्षय तृतीया पर शुक्रवार को चाणक्यपुरी स्थित श्री परशुराम मंदिर पर भगवान परशुराम का पूजन अभिषेक के बाद दोपहर में जन्म आरती होगी। शाम को महाकाल मंदिर से चल समारोह निकलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे।

युवा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष अर्पित पुजारी ने बताया कि सुबह10 बजे भगवान श्री परशुराम का महाअभिषेक के बाद युवा ब्राह्मण समाज के संस्थापक अध्यक्ष महेश पुजारी के नेतृत्व व मुख्य आतिथ्य में दोपहर 12 बजे महाआरती की जाएगी। इसी दिन, शाम 6 बजे से महाकाल मंदिर के सामने से अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा चल समारोह निकलेगा।

शिप्रा आरती के दौरान 1008 दीप प्रज्जवलित किए-

परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर विश्व ब्राह्मण संगठन की उज्जैन इकाई ने शिप्रा तट राम घाट पर गुरुवार शाम शिप्रा आरती के दौरान 1008 दीप प्रज्जवलित किए।संगठन के उज्जैन जिला अध्यक्ष तीर्थ पुरोहित पंडित रितेश त्रिवेदी ने बताया कि शाम 7 बजे घाट पर एक साथ 1008 दीप प्रज्जवलित कर शिप्रा की महाआरती की व भगवान श्री परशुराम जी का पूजन अर्चन किया गया।

Leave a reply