top header advertisement
Home - उज्जैन << महाकाल मंदिर में बारिश व अच्छी फसल की कामना के लिए शनिवार से होगा सोमयज्ञ

महाकाल मंदिर में बारिश व अच्छी फसल की कामना के लिए शनिवार से होगा सोमयज्ञ


उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में बारिश के लिए शनिवार से छह दिवसीय सोमयज्ञ का शुभारंभ होगा। देश के बारह ज्योतिर्लिंगों में सौमिक अनुष्ठान किया जाना है। अब तक सोमनाथ व ओंकारेश्वर में अनुष्ठान संपन्न हो चुका है। महाकाल तीसरा ज्योतिर्लिंग है, जहां अनुष्ठान शुरू होने वाला है।

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा सोलापुर महाराष्ट्र के मूर्धन्य विद्वान पं.चैतन्य नारायण काले के मार्ग दर्शन में यह दिव्य अनुष्ठान किया जा रहा है। पं. काले ने बताया कि सोमयज्ञ में चारों वेदों के श्रौत विद्वानों के चार-चार के समूह में सोलह ऋत्विक (ब्राह्मण) होते हैं। हर ऋत्विक का कार्य व कर्म सुनिश्चित होता है, उन्हें देवता के रूप में मंत्र वरण होता है। इस तरह इस सोमयज्ञ में 16 ऋत्विक के साथ एक अग्निहोत्री दीक्षित दंपती यजमान के रूप में समाज के प्रतिनिधि स्वरूप सम्मिलित होती है। शास्त्रों में वर्णित है कि सोमयज्ञ में अग्निहोत्री दीक्षित व्यक्ति ही यजमान के रूप में सम्मिलित हो सकते हैं, इसलिए अग्निहोत्री दीक्षित यजमान सोमयज्ञ को समाज के प्रत्येक व्यक्ति के प्रतिनिधि के स्वरूप में संकल्पित होकर संपन्न कराएंगे।

निर्माल्य द्वार से मिलेगा विद्वानों को प्रवेश, पास जारी होंगे
यज्ञ में शामिल होने आ रहे विद्वान व यजमानों को मंदिर के निर्माल्य द्वार से परिसर में प्रवेश मिलेगा। इन्हें आने जाने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो तथा द्वार पर तैनात सुरक्षाकर्मी रोका टोकी नहीं करें इसके लिए मंदिर प्रशासन द्वारा इन्हें विशेष पास भी जारी किए जाएंगे। सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया चूंकि यज्ञ परिसर में जलस्तंभ के समीप हो रहा है, इसलिए मंदिर की दर्शन व्यवस्था प्रभावित नहीं हो रही है। ऐसे में दर्शन व अन्य व्यवस्थाओं में परिवर्तन नहीं किया गया है।वीआइपी के आगमन पर अलग से व्यवस्था होगी

संघ प्रमुख हो सकते हैं शामिल
सौमिर सुवृष्टि अनुष्ठान में संघ प्रमुख डा.मोहन भावगत के भी शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा भी कुछ अन्य वीआइपी भी शामिल हो सकते हैं। सहायक प्रशासक जूनवाल ने बताया कि फिलहाल किसी वीआइपी के आने की सूचना नहीं है। अगर वे आएंगे तो अलग से व्यवस्था तय की जाएगी।

                                                             ...000...

Leave a reply