top header advertisement
Home - उज्जैन << बड़ा दुख होता है कि कुछ लोग मां शिप्रा पर प्रश्न करते हैं-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

बड़ा दुख होता है कि कुछ लोग मां शिप्रा पर प्रश्न करते हैं-मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव


उज्जैन आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार सुबह शिप्रा के दत्त अखाड़ा घाट पहुंच गए। उन्होंने नदी में डुबकी लगाई, तैराकी भी की। आचमन के बाद सीएम ने कहा, 'उज्जैन की पहचान मां क्षिप्रा से है। हमारी परंपरा है स्नान के बाद तीर्थ की महत्ता बढ़ाएं, लेकिन बड़ा दुख होता है कि कुछ लोग मां शिप्रा पर प्रश्न करते हैं।'

कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री आज उज्जैन आए। वे फ्रीगंज इलाके में आयुष्मान लाभ विस्तार अभियान में शामिल हुए। 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को आयुष्मान भारत योजना के तहत फॉर्म भरवाए। नव मतदाता और लाभार्थियों से मुलाकात की।

23 अप्रैल को शिप्रा में मिल रहे गंदे नाले के पानी को लेकर तराना से विधायक व उज्जैन लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार ने सरकार पर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था, 'पिछले 20 साल से मध्यप्रदेश में और 10 साल से देश में भाजपा की सरकार है। धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले लोग कहां हैं? 40-50 लाख इंदौर वासियों का मल-मूत्र रोज इसमें मिलता है।'

महेश परमार ने यह भी कहा था, 'शिप्रा मां अशुद्ध हो रही हैं। मुख्यमंत्री ने शिप्रा मां को शुद्ध करने की शपथ ली थी। टिकट मिलने पर डुबकी लगाई थी। 600-1000 करोड़ खर्च हो गए। बात सनातन, महाकाल और प्रभु श्रीराम की करते हैं, मां शिप्रा को शुद्ध नहीं कर पाए।

20 साल पहले उज्जैन को नवंबर-दिसंबर के बाद क्षिप्रा का पानी नहीं मिलता था

मुख्यमंत्री ने परमार का नाम लिए बिना कहा, 'सभी जानते हैं कि मां का तट है, इसकी पवित्रता बनाई रखनी चाहिए। शिप्रा का पानी हरा-भरा है, मई के महीने में भी पानी है। नदी में स्नान करने का आनंद ही अलग है।' उन्होंने कहा, 'कल से यहां पंचकोशी की बड़ी परिक्रमा प्रारंभ होगी। उज्जैन में हमारी सरकार द्वारा किए गए काम के कारण पूरे साल नदी का जल मिल रहा है, मुझे इस बात का संतोष है। आज से 20 साल पहले यहां नवंबर-दिसंबर के बाद पानी नहीं मिलता था।'

सीएम बोले- नई सरकार बनने पर गोपाल कृष्ण भी मुस्कुराएंगे
उज्जैन में संत समागम एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कहा, 'आज भी कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता अयोध्या में भगवान राम के दर्शन के लिए नहीं जा रहे। क्यों नहीं जा रहे? क्योंकि उनको लगता है कि दूसरे धर्म के वोट नहीं मिलेंगे। ये उनकी गलतफहमी है।' उन्होंने कहा, आज भगवान राम का आनंद आया है। कल नई सरकार बनेगी। निश्चित रूप से गोपाल कृष्ण भी मुस्कुराएंगे।'

Leave a reply